पटना न्यूज डेस्क: बिहार की राजधानी पटना के समीप मनेर इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर पड़ोसियों ने अचानक हमला कर दिया। यह घटना व्यापुर क्षेत्र में स्थित राजेंद्र सिंह के आवास पर हुई, जहां हथियारों से लैस लोगों ने धावा बोल दिया। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
हमले के दौरान हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायरिंग की और तलवार, लाठी-डंडे व पत्थरों का जमकर इस्तेमाल किया। इस हिंसक झड़प में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में पप्पू (राजेंद्र सिंह के पुत्र), मनीष उर्फ गुड्डू और नितीश उर्फ बबलू शामिल हैं। इनमें से मनीष और नितीश का इलाज पटना एम्स में चल रहा है, जबकि पप्पू को दानापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है। पीड़ित परिवार ने मुकेश, दीपक, प्रिंस समेत कुछ अन्य लोगों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों को हथियारों से फायरिंग करते और गोलियों की आवाजें सुनाई देती हैं।
सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से गोली के तीन खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।